पुणे: 13 सितंबर (ए) पुणे-बेंगलुरु राजमार्ग पर जंभुलवाड़ी के पास टेम्पो को टक्कर मारने के बाद एक ट्रक अन्य वाहनों से टकरा गया, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना मध्यरात्रि के करीब हुई।
उन्होंने कहा, ‘सतारा से पुणे की ओर आ रहा एक ट्रक अपने आगे चल रहे एक टेम्पो से टकरा गया। टक्कर के बाद, दोनों गाड़ियां सड़क के दूसरी तरफ चली गईं और दो कारों से टकरा गईं। इस हादसे में गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा। घायलों में से एक दर्जन से अधिक लोगों को अस्पताल ले जाया गया था, जिनमें से दो की बाद में मौत हो गई।’
अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान हृदयनाथ मोहन गायकवाड़ (47) और आनंदीबाई रामचंद्र वाडकर (50) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती तीन घायलों की हालत गंभीर है। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक प्रमोद विट्ठल वाघ (40) और मालिक संदीप गोरख सूर्यवंशी (45) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम के तहत अंबेगांव थाने में मामला दर्ज किया गया है।
