‘डेटिंग ऐप’ से बुजुर्ग को फंसा 1.30 लाख रूपये ठगे, दो युवतियां गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 19 अगस्त (ए) दिल्ली पुलिस ने ‘डेटिंग ऐप’ के जरिए 67 वर्षीय व्यक्ति को अपने जाल में फंसाकर उनका मोबाइल फोन चोरी करने और 1.30 लाख रुपये ठगने के आरोप में दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी ज्योत्स्ना (26) और उसकी सहयोगी मानसी (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि ज्योत्स्ना ने फर्जी नाम से डेटिंग ऐप पर प्रोफाइल बनाई थी, जबकि मानसी खुद को वही महिला बनकर बुजुर्ग से मिली थी, जिसके नाम से प्रोफाइल बनाई गई थी।दक्षिण पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अमित गोयल के मुताबिक, ठगी की वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से काम किया।

उन्होंने बताया कि पीड़ित बुजुर्ग 20 और 24 जुलाई 2026 को दो बार युवतियों से मिले और उन्होंने दूसरी मुलाकात के दौरान डिफेंस कॉलोनी के एक रेस्तरां में आरोपियों के साथ भोजन किया और इसी दौरान उनका मोबाइल फोन चोरी कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के बैंक खातों से यूपीआई के जरिए 1.30 लाख रुपये अपने खातों में स्थानांतरित कर लिए, जिनमें से 90,000 रुपये एटीएम से निकाल लिए गए।

अधिकारी ने बताया कि सबूत मिटाने के उद्देश्य से आरोपी महिलाओं ने चोरी किए गए मोबाइल फोन को नष्ट कर दिया।

पुलिस ने बताया कि 25 जुलाई को पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत पर ई-प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद जिले की साइबर थाने की टीम ने बैंक खातों के लेनदेन, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी के आधार पर जांच की तथा सीसीटीवी फुटेज में दोनों युवतियां एटीएम से पैसे निकालते हुए देखी गईं।

पुलिस के अनुसार, तकनीकी विश्लेषण के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी महिलाओं के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।