नयी दिल्ली: 13 मई (ए
) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम बुधवार को घोषित किए गए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस साल 85 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं।
परिणाम से पता चलता है कि पिछले साल के मुकाबले इस साल उत्तीर्ण होने वाले छात्रों का प्रतिशत तीन प्रतिशत से अधिक कम हो गया है.सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने बुधवार को बताया कि देश और विदेशों में सीबीएसई के 19,967 स्कूलों और 7,573 केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया गया था। परीक्षा में इस बार 17.68 लाख छात्र-छात्राएं बैठे थे। यह संख्या पिछले साल के मुकाबले करीब 70,000 अधिक रही। पिछले साल 16.92 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी。बताया कि पहली बार सीबीएसई ने ऑन स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) के जरिए 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया। मूल्यांकन के लिए 70,000 परीक्षकों की तैनाती की गई थी, जिन्होंने 98,66,622 उत्तर पुस्तिकाओं का डिजिटल तरीके से मूल्यांकन किया।भारद्वाज ने बताया कि इस बार 94,028 छात्रों ने 90 प्रतिशत या इससे अधिक अंक हासिल किए हैं। यह कुल परीक्षार्थियों का 5.32 प्रतिशत है। वहीं, 0.97 प्रतिशत यानी 17,113 छात्रों ने 95 प्रतिशत या इससे ज्यादा अंक प्राप्त किए हैं।बोर्ड परीक्षा में एक बार फिर छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों के मुकाबले बेहतर रहा। छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.86 रहा, जबकि 82.13 प्रतिशत छात्र परीक्षा में पास हुए। ट्रांसजेंडर परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 100 फीसदी रहा।