सहारनपुर में ओवैसी को गलती से दिया गया ‘गार्ड ऑफ ऑनर’, जांच के आदेश

उत्तर प्रदेश सहारनपुर
Spread the love

सहारनपुर: 21 नवंबर (ए) ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी को शनिवार को यहां सर्किट हाउस में उत्तर प्रदेश पुलिस ने गलती से ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दे दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने ओवैसी को उच्चतम न्यायालय का एक न्यायाधीश समझ लिया, जिनके यहां आने का कार्यक्रम पहले से निर्धारित था। पुलिस की टीम सुबह जज के आने की तैयारी के लिए सर्किट हाउस पहुंची थी. हालांकि, ओवैसी के वहां पहुंचने तक जज नहीं आए थे. इसके बाद पुलिसकर्मी कथित तौर पर भ्रमित हो गए और उन्होंने ओवैसी को औपचारिक सलामी दे दी.

स्थानीय जानकारी के मुताबिक, ओवैसी का सर्किट हाउस जाने का कार्यक्रम पहले से तय नहीं था और वह अचानक वहां पहुंच गए थे.

ओवैसी के साथ आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद भी जिले में थे. दोनों नेता 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के लिए सहारनपुर पहुंचे थे.

पुलिसकर्मियों ने जब ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया, तो वह खड़े रहे और सलामी स्वीकार की.

दोनों नेताओं ने हाल ही में 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में साथ मिलकर उतरने के लिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा (SPM) नाम से एक संयुक्त राजनीतिक मोर्चा बनाने का ऐलान किया था.

सहारनपुर पुलिस ने एक बयान में कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) को इस घटना की जांच करने का निर्देश दिया है.

पुलिस ने कहा, “जांच के बाद मिले तथ्यों और सबूतों के आधार पर नियमों के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी.”

इस घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि औपचारिक सलामी किस व्यक्ति को दी जानी थी, इसकी पहचान करने में पुलिस से चूक कैसे हुई.

गार्ड ऑफ ऑनर एक औपचारिक सैन्य या पुलिस सलामी होती है. इसमें जवान या पुलिसकर्मी कतार में खड़े होकर सरकारी या औपचारिक कार्यक्रमों में तय गणमान्य व्यक्तियों को सम्मान देते हैं.