दिल्ली : आतिशी नयी शिक्षामंत्री, सौरभ भारद्वाज को मिला स्वास्थ्य विभाग

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली, नौ मार्च (ए) आम आदमी पार्टी (आप) विधायक सौरभ भारद्वाज और आतिशी को उप राज्यपाल वी. के.सक्सेना ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की उपस्थिति में मंत्री पद की शपथ दिलाई।.

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।.

आतिशी को शिक्षा, लोकनिर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), ऊर्जा और पर्यटन विभाग का कार्यभार दिया जाएगा जबकि भारद्वाज स्वास्थ्य, शहरी विकास, जल और उद्योग विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।

दिल्ली के उप मुख्यमंत्री रहे मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के इस्तीफे के बाद मंत्रिमंडल में दो पद खाली हुए थे। सिसोदिया और जैन क्रमश: भ्रष्टाचार और धनशोधन के मामलों में इस समय दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं।

सिसोदिया को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 26 फरवरी को दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 तैयार करने में कथित भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया था। वह 20 मार्च तक न्यायिक हिरासत में हैं।

जैन भी इस समय न्यायिक हिरासत में हैं और प्रवर्तन निदेशालय ने कथित धनशोधन के मामले में उन्हें पिछले साल मई में गिरफ्तार किया था।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इससे पहले सिसोदिया और जैन का इस्तीफा स्वीकार किया था।