दिल्ली में न्यूनतम तापमान में गिरावट

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली, 22 जनवरी (ए) दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में कोहरे के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

आईएमडी ने बताया कि हल्का कोहरा छाने से सफदरजंग और पालम में दृश्यता 350 मीटर दर्ज की गई।

आईएमडी के अनुसार शून्य से 50 मीटर के बीच दृश्यता होने पर कोहरा ‘बेहद घना’, 51 से 200 मीटर के बीच ‘घना’, 201 से 500 के मीटर के बीच ‘मध्यम’ और 501 से 1000 के बीच दृश्यता होने पर कोहरे को ‘हल्का’ माना जाता है।

नए पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करने से ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। पुरवाई हवाएं चलने और बादल छाने से रविवार तक न्यूनतम तापमान के नौ डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है।

आईएमडी के स्थानीय पूर्वानुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘ राष्ट्रीय राजधानी में पुरवाई हवाएं चलने लगी हैं। बादल छाने से शनिवार और रविवार को न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।’’

पुरवाई हवाएं बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालय से आने वाली उत्तर पश्चिमी हवाओं के मुकाबले कम सर्द होती हैं।

श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार से हालांकि न्यूनतम तापमान फिर चार डिग्री तक गिर सकता है।

उन्होंने कहा,‘‘ पश्चिमी विक्षोभ से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान है। बर्फ से ढंके पहाड़ों से आने वाली सर्द, शुष्क हवाओं से सोमवार तक तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। ’’