पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीकांत जेना की कांग्रेस में वापसी

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: छह मार्च (ए) पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीकांत जेना बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए।

यह जेना की पार्टी में वापसी है। उन्हें 2019 में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया था।कांग्रेस के ओडिशा प्रभारी अजय कुमार ने पार्टी मुख्यालय में 73 वर्षीय जेना का पार्टी में स्वागत किया।

जेना ने कहा, ‘‘मैं शुरू से ही कांग्रेसी हूं। कुछ गलतफहमियां थीं, वो दूर हो गईं। मैंने कांग्रेस नेतृत्व के साथ बातचीत की और अब वापसी कर रहा हूं।’’

उन्होंने बीजू जनता दल और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ओडिशा में एक चुनौती है। बीजू जनता दल (बीजद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब खुलकर साथ आ गए हैं। मुझे भरोसा है कि कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन बीजद-भाजपा का सामना करेगा तथा उन्हें पराजित करेगा।’’

जेना केंद्र में विश्वनाथ प्रताप सिंह, इंद्र कुमार गुजराल, एचडी देवगौड़ा और मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकारों में मंत्री रहे हैं।

अजय कुमार ने दावा किया किया ओडिशा में भाजपा और बीजद के बीच अब गठबंधन हो चुका है जिसे अब दोनों दलों को सार्वजनिक कर देना चाहिए।

कुमार ने कांग्रेस और बीजद पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘बीजद और भाजपा में ‘शादी’ हो चुकी है। मैं तो नरेन्द्र मोदी जी और नवीन पटनायक जी से कहूंगा कि अब वो इस ‘शादी’ को सार्वजनिक कर दें।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि ओडिशा में नवीन पटनायक सरकार में कई घोटाले हुए हैं।