प्रधानमंत्री मोदी ने जीटीए का उदाहरण देकर देश की प्रगति बताई, युवाओं तक विकास का संदेश पहुंचाया

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 19 नवंबर (ए) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को लोकप्रिय वीडियो गेम ‘ग्रैंड थेफ्ट ऑटो’ (जीटीए) का उदाहरण देते हुए पिछले 12 साल में भारत की विकास यात्रा को रेखांकित किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस दौरान भारत ‘कमजोर पांच’ अर्थव्यवस्थाओं की श्रेणी से निकलकर दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन गया है। वहीं, देश की सौर ऊर्जा क्षमता 2.82 गीगावाट से बढ़कर 175 गीगावाट हो गई है और रेलवे का विद्युतीकरण 20 प्रतिशत से बढ़कर 99.6 प्रतिशत हो गया है।

युवाओं से जुड़ने की कोशिश करते हुए मोदी ने लोकप्रिय वीडियो गेम के दो संस्करणों- 2013-14 में जारी ‘जीटीए-5’ और बृहस्पतिवार को जारी ‘जीटीए-6’- के बीच तुलना करते हुए विकास के विभिन्न पैमानों में आए बदलावों का उल्लेख किया।

ग्रैंड थेफ्ट ऑटो (जीटीए) एक लोकप्रिय वीडियो गेम श्रृंखला है। इसके पांचवें और छठे संस्करण को क्रमशः ‘जीटीए 5’ और ‘जीटीए 6’ कहा जाता है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ”जीटीए-5 और जीटीए-6 के बीच भारत ने इस तरह प्रगति की।”

इस पोस्ट में हवाई जहाज, ट्रेन, रॉकेट, सौर ऊर्जा संयंत्र, मोबाइल फोन, सड़क नेटवर्क और जहाज सहित कई चीजों के चित्र दिए गए थे।

मोदी ने कहा कि पहले भारत को ‘कमजोर पांच’ अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था, लेकिन अब वह दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है।

उन्होंने कहा कि उस समय गरीबी का स्तर 27 प्रतिशत था, जो घटकर अब 2.6 प्रतिशत रह गया है।

स्वच्छ भारत अभियान और खासकर महिलाओं के लिए शौचालयों के निर्माण का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वच्छता कवरेज 39 प्रतिशत से बढ़कर 100 प्रतिशत हो गया है।

ऊर्जा क्षेत्र में प्रगति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की सौर ऊर्जा क्षमता पहले 2.82 गीगावाट थी, जो अब बढ़कर 175 गीगावाट हो गई है।

अंतरिक्ष क्षेत्र में वृद्धि को रेखांकित करते हुए मोदी ने कहा कि देश में अब 440 अंतरिक्ष स्टार्टअप हैं, जबकि पहले इस क्षेत्र में एक भी स्टार्टअप नहीं था।

उन्होंने कहा कि देश में रेलवे लाइनों का विद्युतीकरण 20 प्रतिशत से बढ़कर 99.6 प्रतिशत हो गया है। वहीं, एक जीबी 3जी इंटरनेट डेटा के लिए पहले 308 रुपये खर्च करने पड़ते थे, जबकि अब इसकी कीमत घटकर 7.51 रुपये रह गई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले भारत रक्षा उपकरणों का बड़ा आयातक था, लेकिन अब वह 80 से अधिक देशों को हथियार और रक्षा उपकरण निर्यात कर रहा है।

आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या में भी कमी आई है।

उन्होंने कहा, ”पहले 182 जिले नक्सल प्रभावित थे, जबकि अब एक भी जिला नक्सल प्रभावित नहीं है।”