बलात्कार के आरोप में पुलिसकर्मी गिरफ्तार, सेवा से बर्खास्त

राष्ट्रीय
Spread the love

कुरुक्षेत्र, 23 जुलाई (ए) हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक नाबालिग लड़की से बलात्कार करने के आरोप में एक पुलिस हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया गया और उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।.

कुरुक्षेत्र के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुरिंदर सिंह भोरिया ने बताया कि हेड कांस्टेबल शामलाल को शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।.एसपी ने बताया कि बाबैन पुलिस थाने में तैनात आरोपी को यहां एक अदालत में पेश किया गया। उन्होंने बताया कि अदालत ने उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

उन्होंने कहा कि पीड़िता घरेलू सहायिका के रूप में काम करती है और कुछ महीने पहले उसके परिवार के सदस्यों ने उसके लापता होने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

अधिकारी ने बताया कि यह पता लगा है कि लगभग 16 वर्षीय लड़की बिहार में एक रिश्तेदार के यहां गई थी जहां वह कुछ समय के लिए रुकी थी और फिर वापस आ गई।

उन्होंने कहा कि लड़की के वापस आने के बाद जांच अधिकारी ने उसे बयान दर्ज कराने के लिए शनिवार को पुलिस थाने बुलाया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जब नाबालिग थाने में पहुंची, तो हेड कांस्टेबल शामलाल ने थाने के पास एक स्थान पर उससे कथित तौर पर बलात्कार किया, जिसके बाद उसकी मां ने मामले की शिकायत की।