बेटियों के लिए काल बनी भाजपा यूपी की सुख-शांति को आग में जलाना चाहती है: अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love


लखनऊ, 23 अक्टूबर एएनएस। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज कहा कि भाजपा प्रदेश की सुख-शांति को जंगलराज की आग में जलाना चाहती है। बेटियों के लिए तो भाजपा की सरकार ‘काल’ बन गई है। मुख्यमंत्री ‘मिशन शक्ति’ का नया राग अलापने लगे हैं। पिंक बूथ बना रहे हैं। इन टोटकों से महिलाओं को कोई राहत नहीं मिलने वाली है।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि इससे पहले भाजपा सरकार का रोमियो स्क्वाड फ्लॉप साबित हो चुका है। सत्ता से विदाई की बेला में इन हथकण्डों का परिणाम शून्य ही होगा। जब सत्ता का संरक्षण रहेगा तो इस तरह के कागजी ड्रामें से क्या हासिल होगा?

अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री का दावा है कि उनके रहते अपराधी या तो जेल भेज दिए गए हैं या फिर राम नाम सत्य की राह पर चले जाएंगे। उनके ठोको संदेश के बाद यह उनका दूसरा अमानवीय, अलोकतांत्रिक और विधि के विपरीत निर्देश है। उनके ‘रामराज’ का ऐसा चमत्कार है कि दो आईपीएस फरार हैं, लंबे समय से ढूंढे नहीं मिल रहे हैं। अपराधी बेखौफ मुख्यमंत्री  की ठोको नीति को अपनाए हुए हैं, अपहरण, लूट, हत्या की घटनाओं को अंजाम देने में कोई संकोच नहीं हैं। जब पुलिस और अपराधी मिलजुल कर काम करेंगे तो जनता की सुरक्षा का क्या होगा?
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने कहा कि सच तो यह है कि मुख्यमंत्री के पास प्रदेश को विकास और सुरक्षा के रास्ते पर ले जाने का कोई रोडमैप ही नहीं है। वे तो अव्यवस्था और अराजकता के ही संवाहक है। प्रदेश की जनता भाजपा राज से ऊब चुकी है। अब उसे सिर्फ 2022 के आम चुनावों का इंतजार है।