महासप्तमी पर लाखों लोग पूजा पंडालों में देवी दुर्गा के दर्शन करने के लिए उमड़ें

राष्ट्रीय
Spread the love

कोलकाता, 21 अक्टूबर (ए) ‘महासप्तमी’ पर शनिवार को लाखों लोग यहां विभिन्न पंडालों में देवी दुर्गा का दर्शन करने और उत्कृष्ट कलाकृतियां देखने के लिए उमड़ पड़े।.

महानगर में पंडालों को काफी सुंदर तरीके से सजाया गया है और ये पंडाल कुछ महत्वपूर्ण स्थलों की प्रतिकृति पर आधारित हैं या इनके माध्यम से कुछ सामाजिक मुद्दों का चित्रण किया गया है। देवी दुर्गा के दर्शन करने के लिए इन पंडालों के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखी गईं।.

कोलकाता में, कॉलेज स्क्वायर, एकडालिया एवरग्रीन, श्री भूमि स्पोर्टिंग क्लब, बागबाजार सर्बोजनिन, जोधपुर पार्क, पार्क सर्कस सर्बोजनिन, संतोष मित्रा स्क्वायर, अहिरीटोला सर्बोजनिन, कुमारटुली पार्क, बाबू बागान, देशोप्रियो पार्क, बोसपुकुर शीतला मंदिर जैसे पंडाल आकर्षण के मुख्य केंद्र हैं। इन पंडालों में सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी, जो दिन ढलने के साथ बढ़ती गई।

कॉलेज स्क्वायर सर्बोजनिन पूजा समिति के प्रवक्ता विकास मजूमदार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमारे यहां तृतीया के दिन (चार दिन पहले) से लगातार लोग आ रहे हैं और महाषष्ठी के बाद से लोगों की भीड़ और बढ़ गई।’’

उन्होंने कहा कि ‘महासप्तमी’ पर सुबह के समय पंडाल तक पहुंचने में लोगों को लगभग एक घंटा लग गया, जिसे मैसूर महल की तर्ज पर विशाल झूमर और सुंदर सजावट से सजाया गया था। वहीं, शाम ढलते ही भीड़ दोगुनी हो गई।

बागबाजार और मैडॉक्स स्क्वायर में देवी दुर्गा की पारंपरिक मूर्तियों की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कोलकाता के निकट बेलूर मठ में हजारों श्रद्धालु देवी दुर्गा की एक झलक पाने के लिए एकत्र हुए।

सोदेपुर में बर्मा शेल पंडाल, उत्तर 24 परगना के सुखचर में हैरी पॉटर जादूनगरी और नदिया जिले के कल्याणी में आईटीआई मोर पंडाल सहित अन्य जिलों में पंडालों में काफी भीड़ देखी गई।

गैर सरकारी संगठन विभिन्न वृद्धाश्रमों में रहने वाले लोगों को दिन में देवी दुर्गा के दर्शन कराने के लिए ले गए।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने महासप्तमी के मौके पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं। वहीं, विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने भी इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।