माओवादियों से ज्यादा खतरनाक है भाजपा : ममता

राष्ट्रीय
Spread the love

पुरुलिया (पश्चिम बंगाल), 19 जनवरी (ए) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को भाजपा को माओवादियों से ज्यादा खतरनाक बताते हुए आरोप लगाया कि भगवा पार्टी चुनाव से पहले लोगों से झूठे वादे कर रही है।

तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ने कहा कि राजनीति एक पवित्र विचारधारा और दर्शन है तथा कपड़ों की तरह रोज विचारधारा नहीं बदली जा सकती है।

राज्य में अप्रैल-मई में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कई नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस छोड़ दी है।

कभी वामपंथ का गढ़ रहे पुरुलिया जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए ममता ने कहा, ‘‘भाजपा माओवादियों से भी ज्यादा खतरनाक है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा से जो जुड़ना चाहते हैं वो जा सकते हैं, लेकिन हम भगवा पार्टी के सामने कभी अपना सिर नहीं झुकाएंगे।’’

हाल के दिनों में तृणमूल कांग्रेस के कई नेता भाजपा में शामिल हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा नेताओं ने झूठे वादे कर जंगलमहल इलाके के आदिवासियों को गुमराह किया और लोकसभा चुनाव जीतने के बाद उनके पास कभी नहीं आए।

पुरुलिया भी जंगलमहल इलाके में आता है। भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में पुरुलिया समेत जंगलमहल इलाके में सभी सीटों पर जीत हासिल की थी।