नयी दिल्ली: 20 अगस्त (ए)।) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को सुबह सिविल लाइंस स्थित उनके कार्यालय पर आयोजित ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति ने हमला कर दिया। मुख्यमंत्री के कार्यालय ने यह जानकारी दी। । पुलिस ने आरोपी हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस हमले को ‘‘मुख्यमंत्री की हत्या की सुनियोजित साजिश’’ का हिस्सा बताया।
दिल्ली पुलिस ने बुधवार को उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके स्थित कैंप कार्यालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले के संबंध में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) राजा बंठिया ने एक बयान में बताया कि सिविल लाइंस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है।अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान सकरिया राजेशभाई खिमजीभाई के रूप में हुई है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस का विशेष प्रकोष्ठ मुख्यमंत्री पर हुए हमले की जांच कर रहा है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि बुधवार सुबह रेखा गुप्ता के कैंप कार्यालय में ‘जन सुनवाई’ के दौरान उन पर हमला किया गया।
रेखा गुप्ता ने इस हमले को ‘हत्या की सुनियोजित साजिश’ का हिस्सा करार दिया।
मुख्यमंत्री के कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में कहा, ‘‘एक व्यक्ति ने आज ‘जन सुनवाई’ के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला किया। दिल्ली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।’’
दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यह कोई साधारण हमला नहीं है। उन्होंने कहा कि हमलावर ने ‘‘मुख्यमंत्री को जमीन पर गिराने और उन्हें पीटने’’ की कोशिश की।मिश्रा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘किसी पर भी खासकर एक महिला मुख्यमंत्री पर जो 24 घंटे जनता के कामों के लिए समर्पित हैं, उस पर ऐसा हमला दिल्ली में कभी नहीं सुना था।’’
मुख्यमंत्री की चिकित्सकों ने जांच की और वह फिलहाल निगरानी में हैं।
सीएमओ अधिकारियों ने बताया कि बाद में उनकी एमएलसी (मेडिको लीगल केस) जांच की जाएगी।
आधिकारिक सूत्रों ने शालीमार बाग स्थित गुप्ता के आवास से मिले सीसीटीवी फुटेज का हवाला देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पर हमला एक ‘सुनियोजित साजिश’ का हिस्सा था।उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से साफ पता चलता है कि हमलावर ने हमले की तैयारी कम से कम 24 घंटे पहले से शुरू कर दी थी। सीसीटीवी फुटेज में बुधवार को आरोपी मुख्यमंत्री आवास की ओर जाते हुए दिख रहा है।
वीडियो में आरोपी परिसर की रेकी करते, मुख्यमंत्री आवास के दृश्य रिकॉर्ड करते और बाद में हमला करने की कोशिश करते हुए दिख रहा है। फुटेज में, वह एक दिन पहले अपने दौरे के दौरान किसी से फोन पर बात करता हुआ दिख रहा है।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस घटना की विस्तृत जांच कर रही है और पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंप दी गई है।
इस बीच, आरोपी की मां भानुबेन सकारिया ने राजकोट में दावा किया कि उनका बेटा किसी भी राजनीतिक दल से नहीं जुड़ा है और आवारा कुत्तों पर उच्चतम न्यायालय के आदेश के खिलाफ एक प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए वह राष्ट्रीय राजधानी गया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके बेटे को ‘‘कुत्तों से बहुत प्यार’’ है।
आरोपी की मां ने कहा, ‘‘वह पशु प्रेमी है। उसे कुत्तों, गायों और पक्षियों से बहुत प्यार है। इसीलिए उच्चतम न्यायालय द्वारा दिल्ली के सभी आवारा कुत्तों को पकड़ने के आदेश के बाद वह परेशान था।’’ उन्होंने बताया कि वह कुछ दिन पहले हरिद्वार गया था और उसने उन्हें फोन पर बताया था कि वह उच्चतम न्यायालय के आदेश के खिलाफ प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली जाएगा।
भानुबेन ने बताया, ‘‘जब हमने पूछा कि वह कब लौटेगा, तो उसने फोन पर इससे ज्यादा कुछ नहीं बताया।’’
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस द्वारा घटना की विस्तृत रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद गृह मंत्रालय (एमएचए) मुख्यमंत्री गुप्ता की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर सकता है।
मुख्यमंत्री गुप्ता को दिल्ली पुलिस की ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई थी। यह गृह मंत्रालय की ‘येलो बुक’ में उल्लिखित सुरक्षा दिशानिर्देशों के अनुरूप है, जिसमें विशिष्ट व्यक्तियों (वीआईपी) और अति विशिष्ट व्यक्तियों (वीवीआईपी) के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल का विवरण दिया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन से ‘जन सुनवाई’ के दो वीडियो बरामद किए गए हैं।
पुलिस के एक सूत्र ने कहा, ‘‘अब तक हमें पता चला है कि आरोपी ‘जन सुनवाई’ के वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था, जिसमें शालीमारबाग स्थित मुख्यमंत्री आवास और उनके कार्यालय का एक वीडियो भी शामिल है। वह इस हमले की साजिश रच रहा था और आज जब उसे मौका मिला, तो उसने मुख्यमंत्री पर हमला कर दिया।’’
सूत्र ने बताया कि खिमजीभाई ने पूरे इलाके की रेकी की और मुख्यमंत्री के सुरक्षा घेरे को समझने और हमले का मौका तलाशने के लिए ‘जन सुनवाई’ की कार्यवाही पर नजर रख रहा था।
आरोपी अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए शिकायतकर्ता के वेश में उनके कार्यालय गया था।
भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद पत्रकारों से कहा कि मुख्यमंत्री गुप्ता इस घटना से ‘‘घबराई हुई’’ हैं, लेकिन वह ठीक हैं।
सचदेवा ने बताया, ‘‘आज सुबह ‘जन सुनवाई’ के दौरान मुख्यमंत्री हमेशा की तरह जनता से बातचीत कर रही थीं तभी एक व्यक्ति उनके पास आया। उसने उन्हें कुछ कागज दिए और अचानक उनका हाथ पकड़कर उन्हें अपनी ओर खींचने की कोशिश की।’’उन्होंने कहा, ‘‘हाथापाई के बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया… पुलिस उसकी पहचान और अन्य जानकारियों की जांच कर रही है।’’
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने उन खबरों का खंडन किया कि मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारा गया या उन पर पत्थर फेंके गए। उन्होंने कहा कि राजनीति में ऐसी घटनाएं अस्वीकार्य हैं और ‘जन सुनवाई’ जारी रहेगी।उन्होंने कहा कि वह अभी आराम कर रही हैं और उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपने निर्धारित कार्यक्रम रद्द नहीं करेंगी।
‘जन सुनवाई’ में मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, ‘‘हम सभी बैठे थे। जिस व्यक्ति की बारी आई, वह मुख्यमंत्री के साथ बैठा था… वह मुख्यमंत्री से बात कर रहा था और अचानक उसने उन पर हमला कर दिया। हमने तेज आवाज सुनी और पुलिस ने तुरंत उस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।’’
अपने इलाके में सीवर की समस्या की शिकायत लेकर आए शैलेंद्र कुमार ने कहा, ‘‘हमने सुना है कि किसी ने मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारा है। यह ठीक नहीं है।’’
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्रियों अरविंद केजरीवाल और आतिशी ने गुप्ता पर हमले की निंदा की।
दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने घटना की निंदा करते हुए उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री सुरक्षित होंगीं और पुलिस दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे।
आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतभेद और विरोध स्वीकार्य हैं, लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं हो सकती।उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में विचारों का मतभेद और विरोध स्वीकार्य है, लेकिन हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं हो सकता। मुझे विश्वास है कि दिल्ली पुलिस उचित कार्रवाई करेगी। आशा है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हों।’’
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने मुख्यमंत्री पर हमले की निंदा की। सिरसा ने कहा, ‘‘उन्हें (मुख्यमंत्री को) दिल्ली की चिंता है और यह बात उनके विरोधियों को नागवार गुजरती है। मैं उन पर हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं।’’
दिल्ली पुलिस आयुक्त एसबीके सिंह ने उस कार्यालय का दौरा किया जहां यह घटना हुई थी।