मुख्यमंत्री शिंदे के हेलीकॉप्टर को खराब मौसम के कारण मुंबई की ओर भेजा गया, सुरक्षित उतरा

राष्ट्रीय
Spread the love

मुंबई, 10 अगस्त (ए) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को मुंबई से सातारा ले जा रहे राज्य सरकार के एक हेलीकॉप्टर को खराब मौसम के कारण बृहस्पतिवार दोपहर को महानगर के जुहू की ओर मोड़ दिया गया, जहां यह सुरक्षित उतर गया। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।.

उन्होंने बताया कि बाद में मौसम की स्थिति में सुधार होने पर हेलीकॉप्टर ने अपराह्न साढ़े तीन बजे पश्चिमी महाराष्ट्र में शिंदे के गृह जिले सातारा के लिए उड़ान भरी।.

डीजीसीए के अधिकारी ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री के साथ महाराष्ट्र सरकार का ईसी 145 श्रेणी का हेलीकॉप्टर अपराह्न साढ़े 12 बजे राजभवन हेलीपैड (दक्षिण मुंबई में) से डेयर हेलीपैड (सातारा शहर के पास) के लिए रवाना हुआ। रास्ते में हेलीकॉप्टर को खराब मौसम का सामना करना पड़ा और इसे वापस जुहू हवाई अड्डे (मुंबई में) की ओर मोड़ दिया गया तथा यह सुरक्षित रूप से उतर गया।’’

मुख्यमंत्री कार्यालय की एक विज्ञप्ति में कहा गया कि शिंदे को ले जाने वाला हेलीकॉप्टर सातारा के सैनिक स्कूल हेलीपैड पर उतरा।