मुख्य मंत्री ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण,ली अधिकारियों की क्लास

उत्तर प्रदेश गाजीपुर
Spread the love

गाजीपुर,13 अगस्त (ए)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जनपद गाजीपुर मे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया गया।
मुख्यमंत्री द्वारा एशिया के सबसे बड़े गांव गहमर इण्टर कालेज में बाढ़ प्रभावित 182 परिवारों को राहत सामग्री वितरित किया गया। इसमें बाढ़ प्रभावित चार तहसीलों में सेवराई के 150, सदर के 10, मुहम्मदाबाद के 5 और जमानियां के 17 पीड़ित शामिल रहे। मुख्य मंत्री ने अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने सहित अन्य आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
मीडिया से मुखातिब मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश से अतिरिक्त जल छोड़ने से बाढ़ की समस्या बढ़ी है। इस समय 24 जनपदों के 620 गांव बाढ़ग्रस्त हैं। मैं बाढ़ प्रभावित जनपदों का निरीक्षण कर बाढ़ के मद्देनजर राहत एवं बचाव कार्य की समीक्षा कर रहा हूँ।
उन्होंने कहा कि गाजीपुर में 32 ग्राम पंचायतों में बाढ़ का असर है। ज्यादा से ज्यादा राहत सामग्री वितरित किये जाने की आवश्यकता है। राहत सामग्री समय पर वितरित की जानी चाहिए। बाढ़ के मद्देनजर युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्‍यक्ष भानुप्रताप सिंह, सदस्य विधान परिषद विशाल सिंह चंचल, विधायक सुनीता सिंह, विधायक डा. संगीता बलवंत, विधायक अलका राय, जिला पंचायत अध्‍यक्ष सपना सिंह, किसान मोर्चा के प्रदेश कोषाध्‍यक्ष डा. विजय यादव, मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा सहित काफी संख्या में भाजपा नेता व पदाधिकारी और क्षेत्रीय जन उपस्थित रहे।