रकाबगंज गुरुद्वारे में सोनिया गांधी के संस्मरण की प्रति जलाई गई

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 12 नवंबर (ए) वर्ष 1984 के सिख दंगों के पीड़ितों के परिवारों और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) के सदस्यों ने दंगों के बारे में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की टिप्पणी के विरोध में बृहस्पतिवार को यहां रकाबगंज गुरुद्वारे में उनके संस्मरण की एक प्रति जलाई।

प्रदर्शनकारियों ने 1984 की हिंसा के बारे में गांधी के विवरण पर नाराजगी जताई। इस हिंसा में बड़ी संख्या में सिख मारे गए थे।

मंगलवार को जारी अपनी पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ में गांधी ने 1984 के सिख विरोधी दंगों को देश के इतिहास का एक ‘‘दुखद और शर्मनाक’’ अध्याय बताया है।

उन्होंने यह भी लिखा है कि उनके पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के मन में ‘‘न तो किसी के प्रति भेदभाव था और न ही द्वेष’’, लेकिन वह इतिहास के ऐसे दौर में प्रधानमंत्री बने, जब शासन व्यवस्था विफल हो चुकी थी और इसकी जगह बर्बरता ने ले ली थी।

सोनिया गांधी ने लिखा है कि इंदिरा गांधी की हत्या की खबर तेजी से फैल गई थी। उन्होंने कहा कि पहले कई लोगों ने जरनैल सिंह भिंडरावाले के अंत का स्वागत किया था, लेकिन हत्या के बाद माहौल बदल गया।

उन्होंने अपने संस्मरण में लिखा, ‘‘दोपहर तक शहर के अलग-अलग हिस्सों और आसपास के इलाकों में दंगे भड़क उठे थे। निर्दोष सिखों के खिलाफ हिंसा की क्रूर घटनाएं हुईं। केवल राष्ट्रीय राजधानी में ही 2,000 से अधिक लोगों की बेहद बेरहमी से हत्या कर दी गई।’’