लखनऊ: 12 नवंबर (ए) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर गोपालकों के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी कर भगवान कृष्ण का अपमान करने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2027 के विधानसभा चुनाव में हमेशा के लिए हार जाएगी।
यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के लखनऊ में बुधवार को आयोजित ‘उत्तराखंड महोत्सव’ में दिये गये एक बयान का वीडियो साझा करते हुए यह टिप्पणी की। वीडियो में आदित्यनाथ कथित तौर पर कहते सुनाई दे रहे हैं कि अगर उत्तराखंड के लोग नहीं होते तो यादव अपने पैतृक गांव सैफई (इटावा) में भैंस चरा रहे होते।
