राष्ट्रपति मुर्मू ने ओणम की बधाई दी

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली, सात सितंबर (ए) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ओणम के अवसर पर सभी देशवासियों को बधाई दी है। राष्ट्रपति भवन ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

फसल और उपज से जुड़ा ओणम का त्योहार विशेष रूप से केरल में मनाया जाता है।

राष्ट्रपति ने ओणम के अवसर पर अपने संदेश में “भारत और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों, विशेषकर केरल के भाइयों और बहनों” को हार्दिक बधाई तथा शुभकामनाएं दीं।

मुर्मू ने कहा, “फसलों की कटाई के उपलक्ष्य में मनाया जाने वाला ओणम हमारे किसानों की कड़ी मेहनत का सम्मान करने और प्रकृति मां के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। केरल के लोगों ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित किया है। यह त्योहार उनके लिए आपसी सहयोग और सद्भाव को बढ़ावा देने का भी एक अवसर है।”

उन्होंने कहा, “ आइए, ओणम के अवसर पर हम सब मिलकर काम करने का संकल्प लें और भारत को एक समृद्ध व गौरवशाली राष्ट्र बनाने में योगदान दें।”