रेलवे कर्मचारी निकला कोरोना संक्रमित, स्टेशन से भागे 2 पॉजिटिव यात्री,फिर–

राष्ट्रीय
Spread the love

आरपीएफ के जवानों व स्वास्थ्यकर्मियों की टीम को चकमा देकर मंगलवार दोपहर करीब सवा 12 बजे दो कोरोना पॉजिटिव मरीज टाटानगर स्टेशन से भाग गए। इनमें एक महिला व एक पुरुष शामिल हैं। इससे स्टेशन सुरक्षा ड्यूटी के जवानों एवं स्वास्थ्यकर्मियों में आधे घंटे तक अफरातफरी मची रही। जवानों ने स्टेशन से निकले मरीजों को ऑटो स्टैंड एवं अन्य जगहों पर खोजने का प्रयास किया, लेकिन नहीं मिले। इससे स्टेशन पर कोरोना जांच ड्यूटी के कर्मचारियों ने सर्विलांस पदाधिकारी को सूचना दी। सूचना के अनुसार, आसनसोल-टाटानगर इंटरसिटी एक्सप्रेस से उतरे यात्रियों की कोरोना सैंपल जांच के दौरान तीन यात्रियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसमें साकची की एक महिला व सोनारी का पुरुष था जबकि, तीसरा मरीज चक्रधरपुर मंडल का रेलवे कर्मचारी है। स्वास्थ्यकर्मियों की टीम जब सुरक्षा जवानों को कतार में खड़ी कराने में जुटी थी, उसी दौरान पॉजिटिव महिला व पुरुष प्लेटफार्म से निकल गए। तीसरे मरीज को स्वास्थ्यकर्मियों ने एंबुलेंस से एमजीएम अस्पताल भेज दिया। पॉजिटिव मरीजों के स्टेशन से भागने की सूचना सर्विलांस विभाग ने जमशेदपुर पुलिस को जांच के दौरान दर्ज नाम पता के साथ दी। इससे सोनारी व साकची थाना की टीम मरीजों की खोज में जुटी तो दोनों को उनके घर से बरामद कर लिया गया। सर्विलांस पदाधिकारी डॉ. साहिर पाल के अनुसार, दोनों मरीजों को स्वास्थ्यकर्मियों की मदद से इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। स्टेशन से पहले भी पॉजिटिव मरीजों ने भागने का प्रयास किया था, जिसे स्वास्थ्यकर्मियों, आरपीएफ जवानों व सिविल डिफेंस सदस्यों ने ऑटो चालकों की मदद से पकड़कर अस्पताल भेजा था।