हरिद्वार: सात अक्टूबर (ए) उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के मुस्लिम तीर्थ क्षेत्र पिरान कलियर में छह साल की एक बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, घटना मंगलवार देर रात एक रैन बसेरे में उस समय हुई जब बाहर से आए एक जायरीन परिवार की बच्ची के परिजन पास ही एक लंगर में खाना खाने गए हुए थे। वापस आने पर उन्हें बच्ची के साथ हुई वारदात का पता चला जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी ।
घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया ।
पुलिस क्षेत्राधिकारी देवव्रत जोशी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।
जोशी ने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा ।
