रायपुर: पांच अक्टूबर (ए) सिंगापुर की कंपनी एनर्जी कैपिटल ग्लोबल छत्तीसगढ़ में कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित डेटा सेंटर परिसर (एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस) में 41,750 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ ने आज भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ाते हुए सिंगापुर में आयोजित पहले सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (एसआईएनजी) फोरम 2026 में 43,250 करोड़ रुपये के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की प्रतिबद्धताएं प्राप्त कीं।
इनमें एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस के लिए 41,750 करोड़ रुपये की एक बड़ी निवेश प्रतिबद्धता शामिल है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोरम में राज्य के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया, जहां छत्तीसगढ़ भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर सहभागिता कर रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि यह महत्वपूर्ण निवेश प्रतिबद्धता सिंगापुर मुख्यालय वाली एनर्जी कैपिटल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आई है, जो छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करेगी।
एनर्जी कैपिटल ग्लोबल एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऑन-साइट स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े एआई-रेडी डेटा सेंटर का विकास और वित्तपोषण करती है तथा इसकी उपस्थिति सिंगापुर, भारत, मलेशिया, कजाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया में है। मुख्यमंत्री ने फोरम में कंपनी को निवेश के लिए आमंत्रित किया।
उन्होंने बताया कि यह निवेश प्रतिबद्धता छत्तीसगढ़ में डिजिटल क्षेत्र में बढ़ती गतिविधियों को और गति देती है। राज्य में पहले से ही भारत का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क स्थापित है। ये परियोजनाएं मिलकर छत्तीसगढ़ को भारत के डिजिटल अवसंरचना के एक उभरते केंद्र के रूप में स्थापित कर रही हैं।
एनर्जी कैपिटल ग्लोबल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा, “एआई ढांचे के लिए जिस ऊर्जा, भूमि और राजनीतिक इच्छाशक्ति की आवश्यकता है, वह आज छत्तीसगढ़ में उपलब्ध है। यह एमओयू एक दीर्घकालिक साझेदारी की शुरुआत है। हम मध्य भारत में सबसे बड़ा एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने, राज्य में अंतरराष्ट्रीय पूंजी और विशेषज्ञता लाने तथा इसके संचालन के लिए छत्तीसगढ़ के इंजीनियरों को प्रशिक्षित करने की दिशा में आगे बढ़ने को लेकर उत्साहित हैं।”
अधिकारियों ने बताया कि राज्य को सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड से सौर क्षेत्र के साथ-साथ संबंधित बैटरी स्टोरेज और कलपुर्जों के लिए 1,500 करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) प्रस्ताव भी प्राप्त हुआ।
मुख्यमंत्री साय ने कहा, ”ये निवेश प्रतिबद्धताएं छत्तीसगढ़ की नीतियों, संभावनाओं और लोगों के प्रति विश्वास का प्रमाण हैं। इससे राज्य के युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे और छत्तीसगढ़ को विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य के और करीब ले जाने में मदद मिलेगी।”