दिनदहाड़े अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या

कटिहार बिहार
Spread the love

कटिहार, पांच अक्टूबर (ए) बिहार के कटिहार जिले में सोमवार को अज्ञात हमलावरों ने एक अधिवक्ता की दिनदहाड़े गोली मारकर कथित रूप से हत्या कर दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना पूर्वाह्न करीब सवा 10 बजे जिले के पटेल चौक के पास हुई।

कटिहार के पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने कहा, ‘‘अजीमुद्दीन अंसारी उर्फ गुड्डू अंसारी स्कूटर से जा रहे थे, तभी कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी।’’

उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाल (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं और 24 घंटे के भीतर मामले को सुलझाने का प्रयास करेंगे।’’

अधिकारियों के अनुसार, अंसारी कटिहार जिला अदालत जा रहे थे तभी कुम्हार टोली के पास हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। विरोध करने पर पहले उन पर कथित रूप से चाकू से हमला किया गया, फिर कनपटी में गोली मार दी गई।

उन्होंने बताया कि स्थानीय लोग अंसारी को सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सोशल मीडिया पर गोलीबारी की घटना का एक कथित वीडियो भी सामने आया है। हालांकि, ‘पीटीआई-भाषा’ इस वीडियो के संबंध में यह पुष्टि नहीं कर सका है कि ये सोमवार को हुई घटना का है या नहीं।

परिवार के सदस्यों के अनुसार, हत्या का संबंध पुराने विवाद से है।

हालांकि, पुलिस ने हत्या की वजह को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस का कहना है कि हत्या की सही परिस्थितियों और कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।