भोपाल: 11 अक्टूबर (ए) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) और केंद्रीय उत्पाद शुल्क आयुक्तालय के एक अधीक्षक को दो लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
सीबीआई के एक बयान के अनुसार, निवारक शाखा (मुख्यालय) में तैनात अधीक्षक राजेश कुमार के खिलाफ शनिवार को मामला दर्ज किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि भोपाल में सीजीएसटी की प्रिवेंटिव ब्रांच (मुख्यालय) में तैनात राजेश कुमार को शनिवार को जाल बिछाकर की गई कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया गया।
सीबीआई ने एक बयान में कहा कि कुमार के भोपाल और कानपुर स्थित आवासों पर तलाशी के दौरान 72.5 लाख रुपये नकद और अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए।
जांच एजेंसी के अनुसार, भोपाल में कबाड़ सामग्री का कारोबार करने वाली एक फर्म के मालिक की शिकायत पर शनिवार को मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अधीक्षक ने उससे हर महीने दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
सीबीआई प्रवक्ता ने बयान में कहा कि आरोपी ने कथित तौर पर कबाड़ ले जाने वाले वाहनों को नहीं रोकने और शिकायतकर्ता के कारोबार में बाधा नहीं डालने के बदले यह रकम मांगी थी।
प्रवक्ता ने बताया कि सीबीआई ने जाल बिछाकर कुमार को कथित तौर पर दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
