ट्रांसफार्मर का ऑयल बनाने वाले कारखाने में लगी भीषण आग, एक कर्मचारी झुलसा

इंदौर मध्य प्रदेश
Spread the love

इंदौर (मध्यप्रदेश), 27 अक्टूबर (ए) इंदौर में ट्रांसफार्मर का ऑयल बनाने वाले एक कारखाने में शुक्रवार रात भीषण आग लग गई जिसमें एक कर्मचारी झुलस गया। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।.

अग्निशमन विभाग के सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) एसके दुबे ने बताया कि इंदौर से सटे ग्रामीण क्षेत्र में ट्रांसफार्मर का ऑयल बनाने वाले एक कारखाने में अज्ञात कारण से आग लगी।.उन्होंने बताया,‘‘सड़क पर यातायात जाम होने के चलते अग्निशमन दल को मौके पर पहुंचने में खासी मुश्किलें पेश आईं। छह अग्निशमन वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।’’

एएसआई ने बताया कि अग्निकांड में झुलसे एक कर्मचारी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि कारखाने में आग लगने का कारण अब तक पता नहीं चल सका है। एएसआई के मुताबिक, शुक्रवार देर रात तक आग पूरी तरह नहीं बुझाई जा सकी थी।