हम हवा, समुद्र से लेकर एआई तक सभी क्षेत्रों में विकास पर काम कर रहे: नौसेना उपप्रमुख

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (ए) नौसेना उपप्रमुख वाइस एडमिरल अजय कोचर ने सोमवार को कहा कि नौसेना एक ‘बहु क्षेत्रीय नेटवर्क बल’ बनने के लिए हवा और पानी के भीतर से लेकर एआई तथा क्वांटम प्रौद्योगिकी तक, सभी क्षेत्रों में विकास पर काम कर रही है।

उन्होंने यहां एक प्रेसवार्ता में यह भी कहा कि न केवल नयी प्रौद्योगिकी को अपनाने, बल्कि अभियानगत क्षमताओं को पूरा करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात और उभरते संघर्ष के बीच समुद्री हितों की रक्षा में नौसेना की भूमिका के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘जारी संकटों ने हमें सोचने और तैनाती, दोनों ही स्तरों पर व्यस्त रखा है।’’

उन्होंने नौसेना के ‘ऑपरेशन ऊर्जा सुरक्षा’ का भी उल्लेख किया, जिसने महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों पर हो रहे हमलों के बीच कई जहाजों को सुरक्षित रूप से भारतीय तटों तक पहुंचाने में मदद की है।

हाल के संघर्षों से प्रौद्योगिकी अपनाने के संदर्भ में मिले सबक के बारे में पूछे गए एक सवाल पर कोचर ने कहा कि इन संघर्षों ने उन बदलावों को सामने ला दिया है जिन्हें सेना को अपनाना और आत्मसात करना चाहिए; जैसे कि युद्ध में स्वायत्त प्रणाली और कृत्रिम मेधा (एआई) का इस्तेमाल।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम भविष्य की ओर देखें, तो इसमें यूएएस (मानवरहित विमान प्रणाली) रोधी और क्वांटम प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल भी शामिल है। क्वांटम प्रौद्योगिकी एक ऐसा क्षेत्र है जो आने वाले समय में बहुत जल्द सामने आएगा। हम इन सभी बातों से पूरी तरह अवगत हैं।’’