नयी दिल्ली: छह अक्टूबर (ए) होर्मुज जलडमरूमध्य से मंगलवार को गुजर रहे पनामा ध्वज वाले एक वाणिज्यिक जहाज पर प्रक्षेप्य (प्रोजेक्टाइल) से किये गये हमले में चालक दल के 11 भारतीय सदस्य घायल हो गए।
भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा की है।विदेश मंत्रालय के अनुसार, ‘एमटी ऑन पीस’ नाम के इस जहाज पर चालक दल के 19 सदस्य सवार थे, जिनमें 17 भारतीय नागरिक थे।
मंत्रालय ने बताया कि हमले में चालक दल के कुल 12 सदस्य घायल हुए, जिनमें 11 भारतीय हैं।
मंत्रालय ने एक बयान में बताया, ‘‘हम आज (मंगलवार को) ओमान के तट के पास पनामा ध्वज वाले वाणिज्यिक जहाज ‘एमटी ऑन पीस’ पर हुए हमले की निंदा करते हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय जहाज पर एक प्रेक्षप्य दागा गया।’’ मंत्रालय ने बताया, ‘‘चालक दल के कुल 19 सदस्यों में से 17 भारतीय नागरिक हैं। पता चला है कि 12 चालक दल के सदस्य घायल हुए हैं, जिनमें 11 भारतीय नागरिक हैं।’’
विदेश मंत्रालय ने बताया कि क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले भारत के लिए ‘‘गहरी चिंता का विषय’’ बने हुए हैं।
मंत्रालय ने बताया, ‘‘हम क्षेत्र में शांति और स्थिरता के हित में ऐसे हमलों को तत्काल रोकने की अपनी अपील दोहराते हैं।’’
मंत्रालय के मुताबिक, ‘‘क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाना बंद होना चाहिए तथा अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से आवाजाही व व्यापार जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।’’
मंत्रालय ने बताया कि ओमान के अधिकारियों की मदद से जहाज पर सवार नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मंत्रालय के मुताबिक, ‘‘ओमान के अधिकारियों की सहायता से घायल चालक दल के सदस्यों को वहां से निकाल लिया गया और उनका ओमान के खासाब में इलाज जारी है। हम ओमान के अधिकारियों के बहुमूल्य सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त करते हैं।’’
