चंडीगढ़: नौ
अप्रैल (ए) हरियाणा सरकार ने बुधवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 15 अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया।
सरकारी आदेश के अनुसार, विनीत गर्ग को मुद्रण एवं लेखन सामग्री विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है। वह अब तक राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष का पदभार संभाल रहे थे।
आदेश के मुताबिक, गुरुग्राम के उपायुक्त अजय कुमार का तबादला कर उन्हें मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव-द्वितीय के रूप में नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रधान सचिव (सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग) पंकज अग्रवाल को वास्तुकला विभाग में प्रधान सचिव के रूप में नियुक्त किया गया। इस पद के कार्यभार से अपूर्व कुमार सिंह को मुक्त किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव तथा विकास एवं पंचायत विभाग के आयुक्त एवं सचिव का पदभार संभाल रहे साकेत कुमार को अभिलेखागार विभाग में आयुक्त एवं सचिव के रूप में स्थानांतरित किया गया है। इस पद के कार्यभार से शेखर विद्यार्थी को मुक्त किया गया है।
आदेश के अनुसार, मणि राम शर्मा को स्वास्थ्य विभाग में सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है।