हनोई: 11 जुलाई (ए)
) वियतनाम में शनिवार को एक नाव के पलट जाने से 15 भारतीयों की मौत हो गयी। स्थानीय मीडिया ने यह खबर दी है।
वियतनामी न्यूज पोर्टल ‘वीएन एक्सप्रेस इंटरनेशनल’ ने खबर दी कि यह ‘स्पीडबोट’ 32 भारतीय पर्यटकों और चालक दल के चार सदस्यों को लेकर जा रही थी, तभी फू क्वोक तट के पास अन थोई द्वीप समूह में हॉन मे रुत नगोई द्वीप से करीब 400 मीटर दूर यह पलट गई।
‘वीएन एक्सप्रेस इंटरनेशनल’ ने फू क्वोक विशेष आर्थिक क्षेत्र के प्रशासन के हवाले से बताया कि आसपास मौजूद पर्यटक नौकाएं मदद के लिए पहुंचीं जिसके बाद ‘बॉर्डर गार्ड’, नौसेना, तटरक्षक बल और अन्य बल भी बचाव एवं राहत अभियान में उतरे।
फू क्वोक वियतनाम का सबसे बड़ा द्वीप है तथा यह अपने सफेद रेत वाले समुद्र तटों, प्रवाल भित्ति और सैर-सपाटे के लिए मशहूर है।
अंग्रेजी दैनिक ‘वियतनाम न्यूज’ के अनुसार, इस घटना में 21 लोगों को बचाया गया, जबकि 15 लोगों की जान चली गयी – ये सभी पर्यटक थे।
रिपोर्ट के मुताबिक जिन लोगों को बचाया गया है उनमें दो की हालत गंभीर है।
दोनों स्थानीय मीडिया संस्थानों के अनुसार समुद्र में ऊंची लहर उठ रही थी और तेज हवा चल रही थी।
इससे पहले, हनोई में भारतीय दूतावास ने कहा था कि उसने इस घटना के सिलसिले में हो ची मिन्ह सिटी के वाणिज्य दूतावास एवं हनोई में दूतावास परिसर में नियंत्रण कक्ष स्थापित किये हैं।
हालांकि, भारतीय दूतावास ने लोगों की मौत के बारे में अबतक कोई विवरण नहीं दिया है।