शिमला, 10 जुलाई (ए)
) हिमाचल प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 17 अधिकारी और हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचपीएएस) के 22 अधिकारियों के तबादले किए।
वर्तमान में अतिरिक्त मुख्य सचिव (जनजातीय विकास) का पदभार संभाल रहे 1994 बैच के आईएएस अधिकारी ओंकार चंद शर्मा को परिवहन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। 1995 बैच के आईएएस अधिकारी रॉथर दाऊद नजीम को अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह एवं सतर्कता, एमपीपी और ऊर्जा) नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत को गृह एवं सतर्कता विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
आईएएस में 1998 बैच के अधिकारी देवेश कुमार प्रधान सचिव (वित्त, योजना, अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी तथा लोक निर्माण विभाग) के पद पर बने रहेंगे। उन्हें पशुपालन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
आईएएस में 2003 बैच की अधिकारी एम. सुधा देवी को प्रधान सचिव (वन एवं उद्योग) नियुक्त किया गया है। वह कार्मिक विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभालती रहेंगी।
आईएएस में 2008 बैच के अधिकारी आशीष सिंहमार को उनके मौजूदा विभागों के साथ सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह विभाग पहले एम. सुधा देवी के पास था।