17 साल के लड़के को जब जूते चाटने पर किया मजबूर, एक आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर मध्य प्रदेश
Spread the love


जबलपुर, 13 मार्च (ए)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में रूपयो के लेन -देन मामले में एक नाबालिग लड़के की पिटाई करने और जूते चटवाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद यह शर्मनाक घटना घटी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक शख्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जबलपुर में पैसों के लेनदेन के विवाद में 17 साल के एक लड़के को कुछ लोगों द्वारा सिगरेट पीने और जूते चाटने पर मजबूर करने तथा उसकी पिटाई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने शनिवार को चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
शहर के गोरा बाजार पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक सहदेव साहू ने बताया कि आरोपी दीपक पासी सहित चार लोगों के खिलाफ अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। इनमें से पासी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि यह विवाद दो हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुआ। पीड़ित लड़का जब बृहस्पतिवार रात को घर नहीं लौटा तो उसके माता-पिता ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद लड़के की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। साहू ने बताया कि पुलिस जांच में पता चला कि चारों आरोपी पीड़ित लड़के को नयागांव इलाके के एक मैदान में ले गए। वहां आरोपियों में से एक ने लड़के को कई थप्पड़ मारे, जबकि दूसरे ने उसे सिगरेट पिलाने की कोशिश की और उन सभी ने लड़के को जीभ से अपने जूते चाटकर साफ करने के लिए मजबूर किया। उन्होंने बताया कि पासी को दो दिन पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। जबकि शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।