उन्नाव,26 मई ए। उत्तर प्रदेश में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर
बड़ा सड़क हादसा हुआ है। दिल्ली से बिहार जा रही एक तेज रफ्तार डबल डेकर एसी बस मंगलवार सुबह उन्नाव के पास लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर पलट गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई और 21 घायल हो गए है।यह दुर्घटना औरास थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 262 के पास सुबह करीब 5 बजे हुई। हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकांश गहरी नींद में थे।पुलिस की शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार काफी तेज थी। चालक को अचानक नींद की झपकी आने के कारण उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई और रेलिंग पर लटक गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई यात्री खिड़कियों से सीधे एक्सप्रेसवे के नीचे जा गिरे। इस दौरान एक यात्री का पैर कटकर शरीर से अलग हो गया।इस भीषण हादसे में छह लोगों की जान चली गई है। मृतकों में बिहार के सीवान पुलिस लाइन में तैनात दरोगा रामचंद्र राम (59) और गुरुग्राम निवासी कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर (59) की पहचान हुई है। जानकारी के मुताबिक, सीवान पुलिस की टीम 24 मई को कैदी को गुरुग्राम कोर्ट में पेशी के लिए लेकर गई थी और वापस बिहार लौटते समय यह हादसा हुआ।हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। लंबा जाम लग गया। मृतकों में दरोगा-कैदी के अलावा सुरेश कुमार जायसवाल निवासी मुंडेरा बाजार (गोरखपुर), विदेशी गुप्ता निवासी मदपुर (गोरखपुर), विजय कुमार निवासी फारेसन गोविंदपुर (बस्ती) शामिल हैं। अन्य की पहचान अब भी बाकी है।