इंफाल: 15 अक्टूबर (ए) मणिपुर में तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 84 जवानों को बृहस्पतिवार को नाश्ता करने के बाद खाद्य विषाक्तता की आशंका के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
ये जवान बुधवार को किसी अन्य स्थान से यहां पहुंचे थे और ‘इंफाल वेस्ट’ जिले के लामशांग में एक निर्माण स्थल पर ठहरे हुए थे। उन्होंने बताया कि उल्टी और मितली की शिकायत के बाद बीएसएफ के जवानों और तीन नागरिकों को अपराह्न करीब एक बजे क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान (आरआईएमएस) लाया गया। उन्होंने नाश्ता करने के बाद इन लक्षणों की शिकायत की थी।
रिम्स के एक अधिकारी ने कहा, ‘बीएसएफ के जवानों और तीन नागरिकों को आपातकालीन विभाग में तत्काल उपचार दिया गया। अब उनकी हालत स्थिर है। संदिग्ध तौर पर खाद्य विषाक्तता के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी।’
रिम्स के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर एम. रामेश्वर ने कहा कि खाद्य विषाक्तता के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।