किशोरी ने जबरन शादी कराने, यौन उत्पीड़न और गर्भपात का आरोप लगाया; छह लोगों पर मामला दर्ज

राष्ट्रीय
Spread the love

पालघर (महाराष्ट्र): सात अक्टूबर (ए) महाराष्ट्र के पालघर जिले की 14 वर्षीय एक लड़की ने आरोप लगाया है कि उसकी जबरन एक व्यक्ति से शादी करा दी गई, उसका यौन उत्पीड़न किया गया और उसे गर्भपात कराने के लिए मजबूर किया गया।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि लड़की की शिकायत के आधार पर जलगांव जिले के आरोपी व्यक्ति और पांच अन्य लोगों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है।

जव्हार पुलिस थाने के एक अधिकारी ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि आरोपियों में से एक व्यक्ति किसी दूसरे व्यक्ति के साथ इस साल की शुरुआत में जव्हार तालुका में पीड़िता के घर आया था और उसने पीड़िता से उस व्यक्ति की शादी कराने के लिए कहा था।

उन्होंने बताया कि व्यक्ति ने इस वर्ष 10 अप्रैल को लड़की से शादी की, उसके माता-पिता को 85,000 रुपये दिए और उसे जलगांव जिले के पचोरा ले गया।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि उस व्यक्ति ने उसके साथ बार-बार बलात्कार किया जिसके बाद वह गर्भवती हो गई। अधिकारी ने बताया कि बाद में उस व्यक्ति की मां ने लड़की को कुछ गोलियां दीं जिससे उसका गर्भपात हो गया।

उस व्यक्ति और उसके परिवार ने कथित तौर पर लड़की के आभूषण और अन्य कीमती सामान भी छीन लिए और बाद में वह जव्हार में अपने माता-पिता के घर लौट आई।

लड़की ने हाल में आदिवासी कल्याण संगठन ‘श्रमजीवी संगठन’ से संपर्क किया, जिसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में उसकी मदद की।

अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर सोमवार रात आरोपी व्यक्ति, उसके माता-पिता और तीन अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, बाल यौन अपराध संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और बाल विवाह निषेध अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया, ‘‘जांच की जा रही है और अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।’’