नयी दिल्ली: 12 फरवरी (ए) रक्षा मंत्रालय ने भारतीय तटरक्षक बल के वास्ते आठ डोर्नियर विमानों की खरीद के लिए सरकारी स्वामित्व वाली हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के साथ बृहस्पतिवार को 2,312 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए।
रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में खरीद समझौते को अंतिम रूप दिया गया।यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक रक्षा मंत्रालय ने भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) के लिए परिचालन संबंधी उपकरणों सहित आठ डोर्नियर 228 विमानों की खरीद के लिए हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के साथ 2,312 करोड़ रुपये की लागत से ‘बाइ (इंडियन) श्रेणी’ के तहत एक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं।बयान के मुताबिक इस समझौते से एचएएल के उत्पादन तंत्र को मजबूत करके, एमएसएमई और सहायक उद्योगों के व्यापक नेटवर्क का समर्थन करके महत्वपूर्ण प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।