बस्ती (उप्र): नौ मार्च (ए
) बस्ती नगर कोतवाली क्षेत्र के हरदिया चौराहे पर ट्रेलर ने एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी और इस हादसे में ऑटो रिक्शा में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई व तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
बस्ती के पुलिस क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि रविवार शाम बस्ती-बांसी मार्ग के हरदिया चौराहे पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर ऑटो रिक्शा और कार को टक्कर मारते हुए बिजली के खंभे से जा टकराया।
उन्होंने बताया कि ट्रेलर की टक्कर से ऑटो रिक्शा में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने मृतकों की पहचान अमरजीत (25), प्रीती शुक्ला (45) के रूप में हुई जबकि एक की पहचान नहीं हो सकी है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और ट्रक को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।