पाकिस्तानी ड्रोन दिखने के बाद जम्मू कश्मीर के सांबा में व्यापक तलाश अभियान

राष्ट्रीय
Spread the love

जम्मू: 14 मार्च (ए)) सुरक्षा बलों ने एक पाकिस्तानी ड्रोन के अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में घुसने की जानकारी मिलने के बाद जम्मू कश्मीर में सांबा जिले के कई अग्रिम गांवों में शनिवार को व्यापक तलाश अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार देर रात रामगढ़ सेक्टर के कंद्राल, अब्ताल और बहादुरपुर गांवों के ऊपर कुछ मिनट तक दुश्मन ड्रोन की गतिविधि देखी गई।

उन्होंने बताया कि इलाके को कड़ी निगरानी में रखा गया और दिन निकलते ही यह सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तलाश अभियान शुरू किया गया कि सीमा पार से हथियारों या मादक पदार्थ की कोई खेप तो नहीं गिराई गई है।

सुरक्षा बलों ने पिछले दो दिन में यहां निकटवर्ती आर एस पुरा सेक्टर के सीमावर्ती गांवों में ड्रोन से खेप गिराए जाने की जानकारी मिलने के बाद 3.5 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 20 करोड़ रुपये से अधिक है।

अधिकारियों ने कहा कि आर एस पुरा सेक्टर से मादक पदार्थ मिलने के मामले में पूछताछ के लिए दो संदिग्ध तस्करों को शुक्रवार को हिरासत में लिया गया।