दिल्ली में एलपीजी की कालाबाजारी के दो गिरोह का भंडाफोड़; 248 सिलेंडर जब्त

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 25 मार्च (ए)) दिल्ली पुलिस ने दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में अलग-अलग अभियानों में एलपीजी की जमाखोरी और रिफिलिंग के दो अवैध गिरोहों का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कुल 248 सिलेंडर जब्त किए हैं और पांच आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि अपराध शाखा ने विश्वस्त सूचना के आधार पर दक्षिण दिल्ली के संगम विहार इलाके में तीन स्थानों पर छापे मारे और एलपीजी सिलेंडरों के अनधिकृत भंडारण और रीफिलिंग से जुड़े महत्वपूर्ण अवैध संचालन का पर्दाफाश किया।

अपराधा शाखा के पुलिस उपायुक्त (एएनटीएफ) राहुल अलवल ने बताया कि टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर तीन गोदामों में छापेमारी की और इस दौरान इंडेन गैस के 183 सिलेंडर और उन्हें फिर से भरने के उपकरण बरामद किए गए।

डीसीपी ने बताया कि इनमें से 154 भरे हुए थे, जबकि 29 खाली सिलेंडर थे।

उन्होंने बताया कि इस बाबत शेर सिंह, सूरज परिहार, रघु सिंह और जितेंद्र सिंह के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में अपराध शाखा के थाने में मामला दर्ज करते हुए उन्हें ‘बाउंड डाउन’ (पाबंद) किया गया। यह सभी आरोपी संगम विहार के रहने वाले हैं।

अलवल ने कहा कि सभी चारों आरोपी इंडेन कंपनी की अधिकृत गैस एजेंसी के सिलेंडर आपूर्ति करने वाले पंजीकृत कर्मी हैं और दिल्ली के संगम विहार में एलपीजी वितरण के लिए जिम्मेदार हैं।

उनके मुताबिक, पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी गैस एजेंसी से एलपीजी सिलेंडर लेने के बाद उनकी आपूर्ति न करके उन्हें अपने किराये के परिसर में अवैध रूप से जमा कर रहे थे।

अधिकारी ने बताया कि वे अनधिकृत उपकरणों का उपयोग करके भरे हुए सिलेंडरों से 1-2 किलोग्राम गैस निकाल कर उन्हें खाली सिलेंडरों में अवैध रूप से भर रहे थे और खाली सिलेंडरों को उनकी अनुमत क्षमता तक भरने के बाद, उन्हें खुले बाजार में निर्धारित मूल्य से अधिक दरों पर बेच रहे थे।

उन्होंने बताया कि इस बाबत आगे की जांच जारी है।

एक अलग अभियान में, एक टीम ने दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के छावला इलाके में एक और गिरोह का भंडाफोड़ किया और एक आवासीय परिसर से 65 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए, जिनका इस्तेमाल अवैध भंडारण और बिक्री के लिए किया जा रहा था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान अशोक कुमार (52) के रूप में हुई है, जिसे मौके से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि वह सिलेंडर जमा कर रहा था और उन्हें स्थानीय निवासियों और छोटे व्यवसायों को अधिक कीमतों पर बेच रहा था।

बरामदगी में इंडेन और भारत ब्रांड के व्यावसायिक और घरेलू सिलेंडर, गैस रिफिलिंग उपकरण और एक वजन मापने का उपकरण शामिल है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।