अयोध्या (उप्र): नौ नवंबर (ए) अयोध्या में भव्य दीपोत्सव के बाद सरयू नदी के घाटों पर दीयों से बचा हुआ तेल इकट्ठा करते गरीब लोगों के दृश्य से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने गरीबों को झेलनी पड़ रही ‘अपमानजनक स्थिति’ को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोला, जबकि अयोध्या के महापौर (भाजपा नेता) ने कहा कि नगर प्रशासन ने दीपोत्सव से पहले स्थानीय लोगों को तेल और मिठाइयां बांटी थीं।
यह विवाद तब भड़का जब शनिवार को दसवें दीपोत्सव में 30 लाख मिट्टी के दीयों से बने नए गिनीज रिकॉर्ड के बाद बचा हुआ तेल इकट्ठा करने की होड़ के वीडियो और तस्वीरें लगातार दूसरे दिन सोशल मीडिया पर नजर आयीं।
अगले वर्ष होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बस कुछ महीने बचे हैं, ऐसे में यादव ने तेल के लिए होड़ दिखाने वाले दृश्यों और उसके बाद गरीबों के साथ रूखे ढंग से बर्ताव दिखाने वाले वीडियो पर तुरंत प्रतिक्रिया दी।
यादव ने दो वीडियो क्लिप भी सोशल मीडिय पर साझा किये, जिनमें कुछ लोग सरयू घाट पर डंडे लिए हुए दिख रहे हैं। वे लोगों को दीयों से तेल इकट्ठा करने से रोक रहे हैं और उन्हें डंडों से मार भी रहे हैं।
पिछले कुछ वर्षों में भी ऐसी तस्वीरें सामने आई थीं, जिनमें गरीब लोग दीयों से बचा हुआ तेल इकट्ठा करते दिखे थे।
यादव ने सोमवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘कुछ महीनों बाद हम अपनी ‘पीडीए सरकार’ बनाकर राशन में सरसों का तेल देने का काम करेंगे; जिससे किसी शोषित, वंचित एवं गरीब को इन भाजपाइयों से बेंत खाकर बेइज्जती न सहनी पड़े। भाजपा के उत्पीड़न से ‘पीड़ित, दुखी, अपमानित’ लोग इस बार भाजपा का स्थायी सफ़ाया कर देंगे।’’
उन्होंने कहा कि भाजपाइयों ने अयोध्या में तथाकथित नारी वंदन का जो हिंसक नजारा पेश किया है वह वंदनीय नहीं, निंदनीय है तथा महिला आयोग आयोजकों पर वैधानिक-दंडात्मक कार्रवाई करे।
सपा प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ अग्निकांड के युवा मृतक की ‘दुखी मां’ का सरेआम किया गया अपमान कोई महिला नहीं भूलेगी तथा ये बुरी तरह हारेंगे।
उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव हों या हाल के विधानपरिषद चुनाव दोनों में भाजपा की हार ने साबित कर दिया है कि अब जनता के बीच इनके जुमलों का गु्ब्बारा फूट गया है तथा भाजपा तेल की फिसलन की ढलान पर है।
उन्होंने कहा कि अगला चुनाव महिला-युवा बनाम भाजपा होगा!
यादव के आरोपों पर अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि नगर प्रशासन को इस मामले की जानकारी थी और उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए थे कि उत्सव से पहले जरूरतमंद लोगों को तेल मिल जाए।
उन्होंने ‘ कहा, ‘‘इस साल भी हमने झुग्गी-बस्तियों और जरूरतमंदों के बीच तेल एवं मिठाइयां बांटी हैं। इस बार मैंने खुद विशेष ध्यान रखा और वितरण की निगरानी की। फिर भी, ऐसी चीजें हो जाती हैं।’’
महापौर ने कहा कि एक संभावित समाधान यह हो सकता है कि कार्यक्रम के तुरंत बाद सभी दीये हटा दिये जाएं।
उन्होंने कहा कि लेकिन समस्या यह है कि दीये बहुत अधिक हैं और उनमें से ज्यादातर जल रहे हैं, जिससे उन्हें हटाना मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने इस समस्या का कोई समाधान खोजने की जरूरत भी स्वीकार की।
