नयी दिल्ली: 10 नवंबर (ए) विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका में राजनयिक मिशन द्वारा अमेरिकी प्रशासन, सांसदों और अन्य संबंधित हितधारकों के साथ बातचीत करने के लिए लॉबिंग फर्म को नियुक्त करना एक मानक परंपरा है।
यह स्पष्टीकरण उन खबरों के बाद आया है जिनमें दावा किया गया था कि भारतीय दूतावास द्वारा नियुक्त एक अमेरिकी लॉबिंग फर्म ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा नरेन्द्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने पर बधाई देने वाला एक सोशल मीडिया पोस्ट करवाने में मदद की थी।
फर्म ने अमेरिकी विदेशी एजेंट पंजीकरण अधिनियम (एफएआरए) के तहत ये खुलासे किए हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपनी नियमित मीडिया ब्रीफिंग में इन खबरों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि भारत 1948 से ही वाशिंगटन डीसी में लॉबिंग फर्म की सेवाएं ले रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका में राजनयिक मिशन के लिए अमेरिकी प्रशासन, कांग्रेस सदस्यों और अन्य संबंधित हितधारकों के साथ संपर्क और बातचीत को सुविधाजनक बनाने के लिए लॉबिंग फर्म की सेवाएं लेना एक सामान्य प्रक्रिया है।’’
जायसवाल ने कहा, “वैसे, पिछले रिकॉर्ड में लॉबिस्ट द्वारा अमेरिकी प्रशासन के नेताओं और कर्मियों से संपर्क स्थापित करने के पर्याप्त उदाहरण मिलते हैं। इसलिए इस संबंध में कोई भ्रम नहीं होना चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां अमेरिकी कानूनों के अनुसार की जाती हैं, जिनमें विदेशी एजेंट पंजीकरण अधिनियम भी शामिल है, जिसके तहत इन फर्म की गतिविधियों का सार्वजनिक रूप से खुलासा किया जाता है।