इस्लामाबाद: 10 नवंबर (ए) पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इसहाक डार ने मंगलवार को कहा कि सऊदी अरब और तुर्किये के साथ मक्का संयुक्त रक्षा समझौता किसी देश के खिलाफ नहीं है और इसका उद्देश्य क्षेत्रीय स्थिरता को बढ़ावा देना है।डार पाकिस्तान के विदेश मंत्री भी हैं।
‘इस्लामाबाद पॉलिसी रिसर्च इंस्टिट्यूट’ की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डार ने कहा कि यह समझौता सामूहिक सुरक्षा और विश्वसनीय प्रतिरोध क्षमता के प्रति इस्लामाबाद की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
सात अगस्त को पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये के बीच हुए मक्का संयुक्त रक्षा समझौते में प्रावधान है कि तीनों में से किसी एक देश पर सशस्त्र हमला तीनों देशों पर हमला माना जाएगा। इसमें रक्षा सहयोग को और मजबूत करने की बात भी कही गई है।
डार ने तीनों देशों के बीच हुए रक्षा समझौते का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘यह एक रक्षात्मक व्यवस्था है, जो किसी देश के खिलाफ नहीं है और इसका उद्देश्य क्षेत्रीय स्थिरता में योगदान देना है।’’
‘बदलती वैश्विक व्यवस्था : रणनीतिक अनिश्चितता से निपटना’ विषय पर अपने संबोधन में डार ने न्यायसंगत और नियम आधारित बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था की वकालत की।
भारत के साथ पिछले साल हुए चार दिन के सैन्य संघर्ष का जिक्र करते हुए डार ने कहा कि अनसुलझे विवाद और एकतरफा कार्रवाई क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा बने हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम दृढ़ संकल्प के साथ अपनी संप्रभुता की रक्षा करेंगे और समान प्रतिबद्धता के साथ शांति के प्रयास जारी रखेंगे।’’
मई 2025 में भारत ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था।
डार ने यह भी कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के संबंधित प्रस्तावों के अनुसार जम्मू-कश्मीर विवाद का समाधान क्षेत्र में स्थायी शांति के लिए आवश्यक है।
हालांकि, भारत का कहना है कि जम्मू-कश्मीर उसका अभिन्न एवं अविभाज्य अंग है तथा इस क्षेत्र से जुड़ा कोई भी मामला देश का आंतरिक विषय है।