कुआलालंपुर: 10 नवंबर (एपी) मलेशिया के उच्च न्यायालय ने भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री नजीब रजाक को सजा की शेष अवधि घर में नजरबंद रहकर पूरी करने के लिए उनके आवास पर स्थानांतरित किए जाने का रास्ता साफ कर दिया है। उनके वकील ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
नजीब रजाक अगस्त 2022 से जेल में हैं। उस समय कुआलालंपुर उच्च न्यायालय ने सरकारी निवेश कोष ‘1एमडीबी’ से जुड़े अरबों डॉलर के घोटाले में उनकी भ्रष्टाचार संबंधी दोषसिद्धि बरकरार रखी थी। रजाक को सितंबर में शाही क्षमादान दिया गया था, जिसके तहत अदालत द्वारा लगाया गया जुर्माना भरने के बाद उन्हें अपनी सजा की शेष अवधि घर में नजरबंद रहकर पूरी करने की अनुमति मिली थी।
पिछले शुक्रवार को उनकी राजनीतिक पार्टी ने पांच करोड़ रिंगिट (1.23 करोड़ अमेरिकी डॉलर) का जुर्माना भर दिया था, जिसके बाद वह जेल से बाहर आए थे। हालांकि, अटॉर्नी जनरल ने उनके घर स्थानांतरण पर रोक लगा दी थी और उन्हें कुछ ही घंटों बाद वापस जेल ले जाया गया था।नजीब के वकील मुहम्मद शफी अब्दुल्ला ने मंगलवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री को कुआलालंपुर स्थित उनके आवास पर घर में नजरबंद रखने के लिए स्थानांतरित करने की सभी प्रक्रियाएं पूरी हो गई हैं। उन्हें 23 अगस्त 2028 तक वहीं रहना होगा।नजीब मंगलवार को अदालत में पेश हुए और उम्मीद थी कि उन्हें दिन में बाद में उनके आवास पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा। बाद में पुलिस ने उनके घर की ओर जाने वाली सड़क को बंद कर दिया। घर में नजरबंदी का आदेश केवल भ्रष्टाचार के पहले मुकदमे में छह साल की सजा पर लागू होगा। यह पिछले साल दिसंबर में भ्रष्टाचार और धनशोधन के एक अलग मामले में सुनाई गई 15 साल की सजा पर लागू नहीं होगा।नजीब ने 2009 से 2018 तक मलेशिया के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया था। उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है। वह 1एमडीबी घोटाले से जुड़े मामले में सजा के तहत जेल जाने वाले मलेशिया के पहले पूर्व प्रधानमंत्री हैं।