इराक में विदेशी पत्रकार का अपहरण: गृह मंत्रालय

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

दुबई: 31 मार्च (एपी) इराक के गृह मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि एक विदेशी पत्रकार का देश में अपहरण कर लिया गया है।

मंत्रालय ने पत्रकार की पहचान नहीं बताई। वह किस देश के हैं, इस बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी गई। मंत्रालय ने कहा कि सुरक्षा बलों ने अपहरणकर्ताओं को पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। सुरक्षा बलों ने अपहरणकर्ताओं के एक वाहन को रोका जो भागने की कोशिश करते समय पलट गया।

मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “आज शाम एक विदेशी पत्रकार का अज्ञात लोगों द्वारा अपहरण किया गया। घटना के तुरंत बाद विशेष सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया, जो सटीक खुफिया जानकारी और व्यापक अभियान के जरिए अपहरणकर्ताओं का पीछा कर रहे हैं।”

मंत्रालय के अनुसार, जब सुरक्षा बल अपहरणकर्ताओं के वाहन का पीछा कर रहे थे, तभी उनकी गाड़ी पलट गई। इसके बावजूद सुरक्षा बलों ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और अपहरण में इस्तेमाल किए गए वाहनों को भी जब्त कर लिया।