काहिरा: चार अप्रैल (एपी) ईरान द्वारा अमेरिकी लड़ाकू विमान को मार गिराए जाने के बाद लापता हुए पायलट की तलाश अमेरिका ने शनिवार को तेज कर दी। वहीं, ईरान ने लोगों से पायलट के बारे में जानकारी देने का आह्वान किया और इनाम का वादा किया।
ईरान ने अमेरिका के ‘एफ-15ई स्ट्राइक ईगल’ नामक लड़ाकू विमान सहित दो विमानों को शुक्रवार को मार गिराने का दावा किया था। इस दौरान एक अमेरिकी सैन्यकर्मी को बचा लिया गया और कम से कम एक पायलट अब भी लापता है।ईरान की फार्स समाचार एजेंसी के अनुसार, ईरानी सेना ने भी अमेरिकी पायलट को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है। तेहरान ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि यदि वे दुश्मन पायलट को जिंदा पकड़कर पुलिस या सैन्य बलों के हवाले करते हैं तो उन्हें ‘कीमती इनाम और बोनस’ दिया जाएगा। यह घोषणा विशेष रूप से कोहगिलुयेह और बोयर-अहमद प्रांत के लोगों के लिए की गई है।
अगर पायलट जिंदा पकड़ा जाता है तो यह ईरान के लिए एक मजबूत रणनीतिक बढ़त साबित हो सकता है। वह इसे अमेरिका पर दबाव बनाने, हमले रोकने की मांग करने या वैश्विक स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत दिखाने के लिए इस्तेमाल कर सकता है।
दूसरी ओर, अमेरिका की प्रतिक्रिया और अधिक आक्रामक हो सकती है। पायलट को छुड़ाने के लिए वह कूटनीतिक या सैन्य विकल्पों का सहारा ले सकता है। इससे संघर्ष और व्यापक हो सकता है और खाड़ी क्षेत्र के अन्य देश भी इसकी चपेट में आ सकते हैं।