गुरुग्राम: 27 नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश पुलिस के 30 वर्षीय एक कांस्टेबल की गुरुग्राम में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। वह एक मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस टीम के साथ यहां आए थे। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, कांस्टेबल खेरकी दौला टोल प्लाजा के पास अचानक बीमार पड़ गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद वह बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें सेक्टर-10 स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस की एक टीम बृहस्पतिवार को एक आपराधिक मामले के संदिग्ध की तलाश में गुरुग्राम आई थी। टीम जब खेरकी दौला टोल प्लाजा से गुजर रही थी, तभी कांस्टेबल राहुल की अचानक तबीयत बिगड़ गई।
पुलिस के अनुसार, उन्हें तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत में सुधार होने के बाद पुलिस टीम ने अपनी कार्रवाई जारी रखी। हालांकि, रास्ते में कांस्टेबल फिर से बेहोश हो गया। इसके बाद उन्हें गुरुग्राम के सेक्टर-10 स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ”प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल राहुल की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई। निर्धारित प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम कराने के बाद कांस्टेबल का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया।”
