गुरुग्राम: 23 नवंबर (ए) हरियाणा के नूंह में ‘‘ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर’’ परियोजना के लिए बनाई जा रही एक सुरंग 45 दिन में छठी बार ढह गई। स्थानीय लोगों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
हरियाणा रेल निगम ने बताया कि यह समस्या भूमिगत परिस्थितियों के बिगड़ने के कारण उत्पन्न हुई है और इसकी तकनीकी जांच जारी है।
रेल निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “फिलहाल सुरंग का निर्माण कार्य रोक दिया गया है और इसके शुरुआती हिस्से को मिट्टी से भर दिया गया है। प्रभावित क्षेत्र के मकानों का निरीक्षण किया जा चुका है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों और नए डिजाइन के आधार पर सुरंग के आगे के निर्माण की योजना बनाई जाएगी।”
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि रविवार को हुआ ताजा भू-धंसाव केवल आसपास के क्षेत्र तक ही सीमित नहीं था, बल्कि इसने आवासीय क्षेत्रों को भी प्रभावित किया है, जिससे निवासियों को अपने घर खाली करने और सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
घटना तावडू उपसंभाग में सहसोला ग्राम पंचायत के अंतर्गत पातुका गांव में हुई।
गांव वालों के अनुसार रविवार सुबह अचानक विस्फोट जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज से दहशत में आए गांव वाले अपने घरों से बाहर निकल आए। आसपास के इलाकों में पता करने पर उन्हें खेतों में एक बड़ा गड्ढा दिखाई दिया।
उन्होंने दावा किया कि जमीन धंसने के बाद एक घर भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
पटुका गांव के निवासी साबिर ने कहा, “जमीन धंसने की मौजूदा घटना प्रशासन की ओर से लगाए गए अवरोधकों से आगे बढ़कर आबादी वाले इलाके तक पहुंच गई है। कई मकानों में दरारें आ गई हैं, जबकि एक मकान को काफी नुकसान पहुंचा है। अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित ग्रामीणों को घर छोड़ने और खुले आसमान के नीचे रात बिताने या सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा है।”
इसके अलावा, रिपोर्ट के अनुसार, जमीन धंसने से गांव की करीब 200 फुट लंबी फिरनी (आवागमन के लिए बनी सड़क) और 400 फुट से अधिक क्षेत्र प्रभावित हुआ है। बार-बार जमीन धंसने की घटनाओं से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे।
नूंह ऑर्बिटल रेल सुरंग के धंसने से जुड़ी घटनाएं अक्टूबर की शुरुआत में सामने आने लगी थीं। शुरुआत में पटुका गांव के पास एक खेत में जमीन धंसी थी। इसके बाद 10 अक्टूबर को एक बड़ी घटना हुई, जिसमें एक सरकारी स्कूल की इमारत और एक मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
इस घटना के दौरान 500 मीटर से अधिक क्षेत्र में जमीन धंस गई थी और गैस पाइपलाइन भी खुलकर बाहर आ गई थी।
यह परियोजना 126 किलोमीटर लंबा दोहरी रेल लाइन वाला गलियारा है, जो पलवल को सोनीपत से जोड़ेगा। यह गलियारा सोहना, मानेसर और खरखौदा से होकर गुजरेगा।
इस परियोजना में अरावली की पहाड़ियों से होकर गुजरने वाली 4.7 किलोमीटर लंबी दोहरी सुरंग भी शामिल है।
शुरुआत में इस परियोजना की अनुमानित लागत 5,618 करोड़ रुपये थी, जिसे इस साल की शुरुआत में बढ़ाकर 11,709 करोड़ रुपये कर दिया गया।
