पटना: 23 नवंबर (ए) बिहार के बेगूसराय जिले में पुलिस ने एक लाख रुपये की इनामी महिला माओवादी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
बिहार विशेष कार्यबल (एसटीएफ) और बेगूसराय पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को जिले के बरौनी थाना क्षेत्र के बथौली गांव में अभियान चलाकर महिला माओवादी को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार महिला की पहचान विनिता भारती उर्फ श्वेता, अनीता, प्रतिमा और कल्पना के रूप में हुई है।
बिहार एसटीएफ की ओर से जारी बयान के अनुसार, भारती मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाने में वर्ष 2017 में दर्ज एक मामले में वांछित थी। यह मामला भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), शस्त्र अधिनियम, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया था।
बयान में कहा गया है कि उसके पति अमर लाल देव उर्फ नारायण राम उर्फ नकुल उत्तर बिहार में एक सशस्त्र दस्ते का जोनल कमांडर और सक्रिय माओवादी था। वर्ष 2020 में पश्चिम चंपारण जिले के वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र में पुलिस के साथ मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई थी।एसटीएफ के मुताबिक, भारती भी प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की सक्रिय सदस्य थी।
पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ मुजफ्फरपुर और पश्चिम चंपारण जिलों में हत्या तथा शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन समेत पांच मामले दर्ज हैं।
