पाकिस्तान में ट्रक ने मिनीबस को टक्कर मारी, सात मरे

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

लौहार: 23 नवंबर (ए) पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में सोमवार को पत्थरों से लदे एक ट्रक ने मिनीबस को टक्कर मार दी, जिससे कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि यह हादसा लाहौर से लगभग 460 किलोमीटर दूर बहावलपुर जिले के उच शरीफ के निकट हुआ। पंजाब आपातकालीन सेवा ‘रेस्क्यू 1122’ के प्रवक्ता के अनुसार, 14 यात्रियों को लेकर मिनीबस खैरपुर तमेवाली जा रही थी कि लेकिन घने कोहरे के कारण चालक ने प्रांतीय राजमार्ग पर बस रोक दी।प्रवक्ता ने बताया कि इसी दौरान पीछे से आ रहे पत्थरों से लदे एक ट्रक के चालक ने नियंत्रण खो दिया और उसने सड़क पर खड़ी मिनीबस को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि टक्कर के कारण मिनीबस पलट गई और उसमें सवार लोग मलबे के नीचे दब गये। उन्होंने बताया कि ‘रेस्क्यू 1122’ के दल मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। प्रवक्ता ने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनमें से सात को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि दो घायलों की हालत गंभीर है।एक रिपोर्ट के अनुसार डेरा गाजी खान से खैरपुर तामेवाली जा रहे मिनी-ट्रक में 16 लोग सवार थे। कोहरे के कारण यह मिनी-ट्रक हाइवे के किनारे रुका हुआ था। पुलिस अधिकारी वहाब ने बताया, जब मिनी-ट्रक का ड्राइवर रुकी हुई गाड़ी की विंड स्क्रीन साफ कर रहा था, तभी पत्थरों से लदा ट्रक उससे टकराकर उसके ऊपर पलट गया। इससे मिनी-ट्रक के यात्री अंदर ही फंस गए। पत्थरों को हटाने के लिए एक खुदाई करने वाली मशीन का इस्तेमाल किया गया।पुलिस और बचाव दल ने नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि सात लोगों की चोटों के कारण मौत हो गई। रेस्क्यू 1122 के अनुसार बचाए गए लोगों में से दो घायल हैं। वहाब ने बताया कि हादसे के बाद पत्थरों से लदे ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी पहचान कर ली है और धूरकोट पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।