तेज रफ्तार कार की टक्कर से आठ लोगों की मौत

अंबेडकर नगर उत्तर प्रदेश
Spread the love

आंबेडकरनगर: चार मई (ए)) आंबेडकरनगर जिले में सड़क हादसे में घायल हुए लोगों की मदद के लिए जुटी भीड़ को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया जिससे आठ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह घटना रविवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में जलालपुर-अकबरपुर मार्ग पर अशरफपुर भुआ गांव के पास की है।इससे पहले दो मोटरसाइकिलों की आपस में टक्कर हो गई थी, जिसमें दो लोग घायल हो गए थे। घायलों की मदद के लिए आसपास के लोग मौके पर जुटे थे।

इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने भीड़ को रौंद दिया। हादसे में घायल लोगों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।

दो गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को जिला अस्पताल और फिर टांडा के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई।

मृतकों की पहचान कैफी (32), उत्तम कुमार (24), आदित्य कुमार (25), लालचंद (24), राजू गुप्ता (32), छोटू और दो अज्ञात व्यक्तियों के रूप में हुई है।

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।