होर्मुज से फंसे पोतों को सुरक्षित निकालने में मदद करेगा अमेरिका : ट्रंप

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

वाशिंगटन: चार मई (ए)) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी नौसेना होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे अन्य देशों के पोतों को सुरक्षित निकालने में सोमवार से मदद करेगी।

इसके साथ ही ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी कि इस प्रक्रिया में किसी भी तरह के हस्तक्षेप से सख्ती से निपटा जाएगा।ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ का उद्देश्य उन विदेशी पोतों की मदद करना है जो पश्चिम एशिया में हो रहे घटनाक्रम से किसी भी तरह जुड़े नहीं हैं।

ट्रंप ने कहा कि इनमें से कई पोतों में भोजन, पेयजल और अन्य उन सभी आवश्यक चीजों की कमी हो रही है।

अमेरिका के राष्ट्रपति ने साथ ही कहा कि उनके प्रतिनिधियों की ईरान के साथ सकारात्मक बातचीत जारी है जिससे ‘‘सभी के लिए सकारात्मक’’ परिणाम निकल सकता है।

‘यूएस सेंट्रल कमांड’ (सेंटकॉम) ने एक बयान में कहा, ‘‘राष्ट्रपति के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान के तहत उन वाणिज्यिक पोतों की मदद की जाएगी जो इस अहम अंतरराष्ट्रीय व्यापार मार्ग से स्वतंत्र रूप से गुजरना चाहते हैं। दुनिया के समुद्री तेल व्यापार का एक-चौथाई हिस्सा और ईंधन एवं उर्वरक उत्पादों की बड़ी मात्रा इसी जलडमरूमध्य से होकर गुजरती है।’’

सेंटकॉम के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने कहा, ‘‘क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए इस रक्षात्मक अभियान में हमारा सहयोग जरूरी है। इसके साथ ही हम नौसैनिक नाकेबंदी भी बनाए हुए हैं।’’

प्रोजेक्ट फ्रीडम’ में अमेरिका की सैन्य सहायता के तहत निर्देशित मिसाइल विध्वंसक पोत, जमीन एवं समुद्र से संचालित हो सकने वाले 100 से अधिक विमान और 15,000 सैन्यकर्मी शामिल होंगे।

ओमान और ईरान के बीच स्थित संकरा समुद्री मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य 28 फरवरी से बंद है। इसी दिन अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर हमला किया था जिसके बाद युद्ध शुरू हुआ।

ट्रंप ने कहा, ‘‘पोतों की आवाजाही का मकसद केवल उन लोगों, कंपनियों और देशों को राहत देना है जिन्होंने कुछ गलत नहीं किया है। वे परिस्थितियों के शिकार हैं। यह अमेरिका, पश्चिम एशियाई देशों और खासकर ईरान की ओर से एक मानवीय पहल है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने इन देशों से कहा है कि हम उनके पोतों को इन प्रतिबंधित जलमार्गों से सुरक्षित बाहर निकालेंगे ताकि वे स्वतंत्र रूप से अपना कामकाज आगे बढ़ा सकें।’’

ट्रंप ने कहा, ‘‘अगर इस मानवीय प्रक्रिया में किसी भी तरह से हस्तक्षेप किया गया तो दुर्भाग्य से उससे सख्ती से निपटना पड़ेगा।’’

अमेरिकी समाचार वेबसाइट ‘एक्सियोस’ ने खबर दी कि अमेरिका ने ईरानी अधिकारियों के नवीनतम प्रस्ताव के जवाब में युद्ध समाप्त करने के समझौते के लिए रविवार को एक और संशोधित मसौदा भेजा।