पटना: आठ मई (ए
) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को बिहार के सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पर राज्य में जातिवाद और वंशवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया।
उन्होंने यहां पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता में यह भी आरोप लगाया कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के बाद बनी राजग सरकार ‘‘अस्थिरता’’ और ‘‘निष्क्रियता’’ से घिरी हुई है।
यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘ वह मुझे युवराज कहते थे। लेकिन हाल में बने मंत्रिमंडल में कम से कम 17 मंत्री वंशवाद की राजनीति की उपज हैं।’’
उन्होंने कहा कि वर्तमान मंत्रिमंडल में तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के पुत्रों को मंत्री बनाया गया है।
उनका इशारा निशांत कुमार, संतोष कुमार सुमन और नीतीश मिश्र की ओर था।
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यादव ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार और उपेंद्र कुशवाहा के पुत्रों को बिना चुनाव लड़े मंत्री बना दिया गया। उन्होंने दावा किया, ‘‘निकट भविष्य में आप दोनों उपमुख्यमंत्रियों के पुत्रों को भी सक्रिय राजनीति में आते देखेंगे।’’
यादव ने कहा कि अब राजग नेताओं को वंशवाद की राजनीति पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को अपने सहयोगी दलों में व्याप्त वंशवाद भी देखना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार मंत्रिमंडल में मुस्लिम समुदाय का प्रतिनिधित्व काफी कम कर दिया गया है।
यादव ने कहा, ‘‘पूर्व मंत्रिमंडल में उपमुख्यमंत्री रहे विजय कुमार सिन्हा जातीय राजनीति के शिकार हुए हैं। जातीय समीकरण में फिट नहीं बैठने के कारण उनकी वरिष्ठता कम कर दी गई। राजद शासन में सात-आठ मुस्लिम मंत्री हुआ करते थे, लेकिन अब उनकी संख्या काफी कम हो गई है।’’
उन्होंने कहा कि भाजपा नेता महिला आरक्षण को लेकर काफी बातें करते हैं, लेकिन मंत्रिमंडल में पर्याप्त संख्या में महिलाओं को जगह नहीं दी गई।
राजद नेता ने दावा किया, ‘‘उन्होंने मंत्रिमंडल में 33 प्रतिशत महिलाएं क्यों नहीं रखीं। जिन महिलाओं को मंत्री बनाया गया है, उनमें से अधिकतर वंशवाद की राजनीति से जुड़ी हैं।’’
यादव ने आरोप लगाया कि राजग सरकार जनहित के मुद्दों को नजरअंदाज कर केवल मीडिया प्रबंधन और जनसंपर्क गतिविधियों में लगी हुई है।
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले छह महीनों में हमने दो मुख्यमंत्री और दो बार सरकार का गठन देखा, लेकिन जमीन पर कोई ठोस काम नहीं हुआ। सरकार केवल पीआर और मीडिया प्रबंधन में लगी हुई है।’’
यादव ने आरोप लगाया कि सरकार ‘‘रील संस्कृति’’ को बढ़ावा देने के लिए बुलडोजर चलाएगी, विपक्षी नेताओं के घर खाली कराएगी और मुठभेड़ों का सहारा लेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘बिहार हर क्षेत्र में पिछड़ रहा है, लेकिन सरकार की रुचि राज्य चलाने में नहीं बल्कि मंत्रालय और विभाग बांटने में है।’’
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए यादव ने कहा कि उन्हें यह देखकर खुशी हो रही होगी कि ‘‘गांधी के हत्यारों की पूजा करने वाले’’ लोग राज्य पर शासन कर रहे हैं।
कांग्रेस पर परोक्ष टिप्पणी करते हुए यादव ने कहा कि केवल क्षेत्रीय दल ही भाजपा को हरा सकते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हम अपना पार्टी संगठन पूरी तरह नए सिरे से खड़ा करेंगे, सिद्धांतवादी कार्यकर्ताओं को आगे लाएंगे और उनके माध्यम से जनता के मुद्दे उठाएंगे।’’